कंपनी के खिलाफ किया प्रदर्शन

रोहडू(सुंदर औक्टा)सावड़ा कुड्डू परियोजना में मंगलवार को मजदूरों ने अपनी मांगो को लेकर धरना प्रदर्शन किया। मजदूरों ने लंबित पड़े वेतन के भुगतान तथा फर्जी मजदूरों की जांच की मांग प्रमुखता से उठाई। सावड़ा कुड्डू वर्कर्स यूनियन ने परियोजना में श्रम कानून की धज्जियां उड़ाए जाने का आरोप भी लगाया।
वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष राकेश कोटवी, महासचिव अजय दुल्टा व प्रेस सचिव देविंद्र कुमार ने बताया कि सावड़ा कुड्डू परियोजना में करीब 450 मजदूरों को दो माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। मजदूरों को दिवाली का बोनस भी नहीं दिया गया है। वेतन भुगतान की मांग को लेकर परियोजना प्रबंधन को कई बार ज्ञापन दिए गए हैं, लेकिन मजदूरों की मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। साथ ही परियोजना निर्माण में लगी कंपनियों के सब कांट्रेक्टर भी फर्जी मजदूरों के नाम पर जमकर चांदी कूट रहे हैं, जिसकी जांच की मांग यूनियन उठा रही है। उन्होंने बताया कि छंटनी किए गए मजदूरों के भविष्यनिधि का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। परियोजना प्रबंधन की अनदेखी के कारण मजदूरों को मजबूरन आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मजदूरों की मांगों को शीघ्र ही पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा।
इस दौरान लोकिंद्र दिपटा, चंद्रमोहन सेठी, अव्वल चतरांटा, मोहन लाल, सुरेश पोशेटा, चंद्र देव, गगन सेठी व जसवंत खलास्टा सहित यूनियन के कई सदस्य उपस्थित थे।

Related posts