किन्नौर के सभी ग्रामीण रूट बंद

सांगला (किन्नौर)(विशेश्वर नेगी)जिला किन्नौर में बर्फबारी के चलते जनजीवन पटरी से उतर गया है। पूरा जिला शीतलहर की चपेट में आ गया है। वहीं जिले के तीनों खंडों के लगभग 50 से अधिक रूटों पर छोटे बड़े वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद पड़ी है। इससे जिले के लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
मंगलवार को जिले के कल्पा का तापमान-2 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि सांगला का न्यूनतम तापमान-4 दर्ज किया गया है। खबर लिखे जाने तक छितकुल में 1.5 फीट, रक्षम, बटसेरी, सांगला, कल्पा में 6 इंच, चांसु, शोंग में करीब 1 फीट तब बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा रिकांगपिओ, रिब्बा, रिस्पा, आकपा, रारंग, खादरा, मुरंग, लंबर, ठंगी, कानम, लाबरंग, स्पीलों, नैसंग, आसरंग, लिप्पा, सुन्नम, ज्ञाबुंग, रौपावैली, पूह, नमज्ञा, डुबलिंग, नाको, मलिंग, लियो, हांगो, चांगो, सुमरा, शलखर सहित निचार खंड के बरी, तरांडा, निचार, रूपी, छोटा कंबा, बड़ा कंबा व शौरंग आदि क्षेत्रों में जिले के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 1.5 फीट तक बर्फबारी दर्ज की जा चुकी है, जबकि कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में चार से 6 इंच ताजा हिमपात दर्ज किया गया है।
जिले के निचले क्षेत्रों पोवारी, कड़छम, टापरी, भावानगर, निगुलसरी व चौरा आदि क्षेत्रों में बारिश हो रही है। हालांकि मंगलवार को दोपहर बाद मौसम सामान्य हो गया, लेकिन जिले में ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। वहीं पथ परिवहन निगम रिकांगपिओ के आरएम डीएस रघु ने बताया कि मंगलवार को हिमपात के कारण जिले के सभी ग्रामीण रूटों पर बसों की आवाजाही नहीं हो पाई है, जबकि जिला मुख्यालय रिकांगपिओं से काजा की तरफ खाब तक बसों की आवाजाही हो रही है। वहीं प्रमुख पर्यटन स्थल सांगला में भारी बर्फबारी के चलते निगम की एक बस फंसी हुई है।

Related posts