नहीं टूट पाया सुलतानपुरी का रिकार्ड

शिमला(वीरेन्द्र खागटा)प्रदेश की राजनीति में कुछ रिकार्ड ऐसे हैं, जो शायद ही टूट पाएं। 1984 के लोकसभा चुनाव में शिमला संसदीय सीट से तत्कालीन कांग्रेस प्रत्याशी कृष्ण दत्त सुलतानपुरी ने ऐसा ही रिकार्ड बनाया है। इन्हें 79.66 प्रतिशत वोट पड़े थे। उनके खिलाफ मैदान में उतरे जेएनपी प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई थी। भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक 1980 से लेकर 2009 तक के बीच हुए चुनाव में प्रदेश में कोई ऐसा प्रत्याशी नहीं रहा, जिसे 70 फीसदी या इसके आसपास वोट पड़े हाें। तब कांग्रेस की लहर थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या हुई थी। सुलतानपुरी के खिलाफ जेएनपी प्रत्याशी किरपाल धर्मापुरी को 15.58 प्रतिशत वोट मिले थे। 1984 में ही मंडी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुखराम को 67.52 प्रतिशत मत पड़े थे। तब से लेकर आज तक किसी प्रत्याशी ने 65 का भी आंकड़ा पार नहीं किया। प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों के बीच जीत का अंतर लगातार घटता जा रहा है। भाजपा से सबसे अधिक वोट प्रतिशत पाने वाले 1998 में पार्टी के तत्कालीन प्रत्याशी महेश्वर सिंह थे। इन्हें मंडी सीट से 62.44 प्रतिशत मत मिले थे। सबसे कम वोट प्रतिशत से जीतने वाले 1991 में कांगड़ा सीट से भाजपा प्रत्याशी डीडी खनूरिया थे। इन्हें 41.01 फीसदी वोट मिले थे। वह महज तीन फीसदी के अंतर से चुनाव जीते थे।

विजेता प्रत्याशियों को प्रतिशत में वोट मिले
साल शिमला हमीरपुर कांगड़ा मंडी
2009 50.42 (बीजेपी) 53.47 (बीजेपी) 48.69 (बीजेपी) 47.82 (कांग्रेस)
2004 58.86 (कांग्रेस) 47.89 (बीजेपी) 48.91 (कांग्रेस) 53.41 (कांग्रेस)
1999 52.78 (एचवीसी) 60.52 (बीजेपी) 58.80 (बीजेपी) 62.05 (बीजेपी)
1998 49.31 (कांग्रेस) 50.47 (बीजेपी) 52.65 (बीजेपी) 62.44 (बीजेपी)
1996 56.26 (कांग्रेस) 48.96 (कांग्रेस) 49.64 (कांग्रेस) 62.44 (कांग्रेस)
1991 51.76 (कांग्रेस) 45.54 (बीजेपी) 41.01 (बीजेपी) 49.07 (कांग्रेस)
1989 47.99 (कांग्रेस) 48.58 (बीजेपी) 46.33 (बीजेपी) 50.36 (बीजेपी)
1984 79.66 (कांग्रेस) 62.98 (कांग्रेस) 62.45 (कांग्रेस) 67.52 (कांग्रेस)
1980 51.01 (कांग्रेस) 55.41 (कांग्रेस) 45.25 (कांग्रेस) 56.60 (कांग्रेस)

कांग्रेस के सबसे अधिक वोट पाने वाले प्रत्याशी – कृष्ण दत्त सुलतानपुरी 79.66 प्रतिशत (1984)
भाजपा के सबसे अधिक वोट पाने वाले प्रत्याशी – महेश्वर सिंह 62.44 प्रतिशत (1998)

Related posts