अटकता जा रहा कांग्रेस टिकटों पर फैसला

शिमला(वीरेन्द्र खागटा)हिमाचल के चारों कांग्रेस टिकटों पर फैसला रविवार को भी अटका रहा। आलाकमान के बुलावे पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह रविवार को दिल्ली पहुंच गए, जबकि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू उनसे पहले ही दिल्ली पहुंच चुके थे। सोमवार को दोनोें प्रादेशिक नेताओं की कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से बैठक हो सकती है। टिकटों की सूची या तो सोमवार अथवा फिर यह एक-दो दिन बाद भी जारी हो सकती है। एक मत यह भी है कि हिमाचल के कांग्रेस प्रत्याशी कई अन्य राज्यों के उम्मीदवारों के साथ 12 मार्च को भी घोषित हो सकते हैं।
वीरभद्र सिंह रविवार शाम को सड़क मार्ग से दिल्ली पहुंचे। सुक्खू पहले ही दिल्ली पहुंच चुके थे। पार्टी सूत्रों की मानें तो हाईकमान ने उन्हें टिकटों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए दिल्ली बुलाया है। दरअसल, सरकार और संगठन की हमीरपुर तथा शिमला लोकसभा सीटों पर एक राय नहीं है। सरकार प्रमुख मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह यह चाह रहे हैं कि हमीरपुर लोकसभा सीट पर टिकट राजेंद्र राणा को ही मिले, जबकि पार्टी संगठन नेता मुकेश अग्निहोत्री अथवा अन्य पार्टी नेताओं के लिए टिकट मांग रहे हैं। मुख्यमंत्री शिमला सीट पर मोहनलाल ब्राक्टा के लिए टिकट चाह रहे हैं। पार्टी संगठन इस सीट पर विनोद सुल्तानपुरी की पैरवी कर रहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री और प्रदेश पार्टी प्रमुख मंडी में प्रतिभा सिंह और कांगड़ा में चंद्रकुमार को टिकट देने पर एकमत हैं। यह अलग बात है कि कांगड़ा में टिकट की दौड़ में चंद्रकुमार, चंद्रेश कुमारी, रघुवीर सिंह बाली आदि नेता शामिल हैं। फैसला हाईकमान को ही लेना है। टिकटों पर निर्णय से पूर्व हाईकमान हमीरपुर और शिमला सीटों पर मुख्यमंत्री तथा पार्टी प्रदेशाध्यक्ष को सहमति बनाने को कह रहा है। सूत्रों की मानें तो सोमवार को सुक्खू ने कई केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की, जबकि वीरभद्र सिंह अपने आवास पर मिलने के इच्छुकों से भेंट कर रहे थे। उधर, हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी राजा रामपाल सिंह ने बताया कि हिमाचल के टिकटों पर कभी भी निर्णय हो सकता है। यह हाईकमान को ही करना है।

Related posts