उड़ान पर लोगों के साथ मजाक : भाजपा

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)।(भाग सिंह) हेलीकॉप्टर उड़ान को लेकर जिला कुल्लू के ढालपुर और लाहौल के लोट में भाजपा का अनशन और क्रमिक भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। भाजयुमो जिला अध्यक्ष एवं बीडीसी चेयरमैन संजीव कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार लाहौल-स्पीति जिले के लिए हवाई-सेवाओं को लेकर गंभीर नहीं है। इसके चलते भाजपा को आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार गौंधला हेलीपैड के लिए अब तक ट्रायल उड़ान नहीं करवा कर वहां की जनता के साथ मजाक कर रही है। केलांग मंडल के महामंत्री पदमा ठिल्ले तथा भाजयुमो जिला प्रवक्ता रमेश फारका ने यहां जारी बयान में कहा कि गौंधला हेलीपैड के लिए वर्ष 2012 में पहली बार हेलीकॉप्टर की ट्रायल उड़ान की गई थी, लेकिन उसके बाद कुछ खामियों के चलते हेलीपैड का विस्तार किया गया। उन्होंने बताया कि दूसरी बार फरवरी 2013 के ट्रायल उड़ान में विधायक रवि ठाकुर स्वयं इस हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से आए और वापसी में 20 यात्रियों को लेकर उड़ान भी भरी गई थी। भाजयुमो नेताओं ने सरकार पर आरोप लगाया है कि गौंधला हेलीपैड में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग व उड़ान भरने के बाद हेलीपैड को असुरक्षित घोषित कर सिर्फ राजनीति की गई है। उन्होंने कहा कि चोखंग, सगनम और ताबो हेलीपैड के लिए इस बार एक भी शीतकालीन उड़ान नहीं की गई है। वहीं, रावा, तांदी (डाइट) सिस्सू, तिंदी, तिंगरेट, जिस्पा, लोसर तथा काजा के लिए नियमित उड़ाने नहीं हो रही है। रावा हेलीपैड सहित कई जगहों पर मरीजों के साथ ही परीक्षार्थी भी हेलीकाप्टर के इंतजार में हैं। उन्होंने कहा कि जब तक लाहौल के लोगों को राहत नहीं मिलती है, तब तक लाहौल-कुल्लू में अनशन जारी रहेगा। शनिवार को कुल्लू में अनशन के दूसरे दिन केलांग मंडल के महामंत्री एवं खंगसर पंचायत प्रधान सुंदर लाल, युवा मोर्चा सदस्य देवेंद्र ठाकुर, युवा मोर्चा के जिला कार्यकारिणी सदस्य प्रेम जीत विक्कू, सह संयोजक आईटी सेल भाजयुमो के पंकज शाशनी अनशन पर बैठे। दूसरी ओर लाहौल के लोट गांव में शांशा पंचायत के उपप्रधान राजेंद्र कुमार, रूड़िग के अरविंद, शांशा गांव के पवन और रतन लाल अनशन पर बैठे हैं।

Related posts