
चंबा।(गीता ) शिवभूमि चंबा में शिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वीरवार को शहर से लेकर गांवों तक पूरा दिन माहौल शिवमय बना रहा। चंद्रशेखर मंदिर साहो, चौरासी मंदिर भरमौर स्थित मणिमहेश मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर समूह चंबा, शिव मंदिर सपड़ी व प्रसिद्ध शक्तिपीठ भलेई में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी। 1100 वर्ष पुराने चंद्रशेखर साहो मंदिर में शिवभक्तों की पूरे दिन लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग के दर्शन किए और चंद्रशेखर महाराज का स्मरण किया। शिव भक्ति पार्टी सनैला के कलाकारों ने दिन भर मंदिर में भोले के भजन गाकर माहौल को भक्तिमय कर दिया। साहो मंदिर में जिलाभर से श्रद्धालु भोले के दर्शन के लिए पहुंचे थे। शाम को पांच बजे आरती का कार्यक्रम शुरू हुआ। यह कार्यक्रम शुक्रवार सुबह तक चला रहेगा। स्थानीय महिला मंडल की गुरो देवी, निर्मला, दर्शना, किसो देवी व चिकणो देवी सहित काफी संख्या में महिलाओं ने वीरवार शाम को भजन गाए। इससे पहले वीरवार सुबह ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। मंदिर परिसर में हवन करवाकर झंडा चढ़ाया गया। इस मौके पर चंद्रशेखर कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश, उपाध्यक्ष एवं उप प्रधान उदय शर्मा, अरुण शर्मा, अदीप, राम दयाल, भानु सूर्या, चुनी लाल व कुलदीप मौजूद रहे। ग्राम पंचायत साहो के प्रधान ओम प्रकाश ने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंचायत और चंद्रशेखर कमेटी की तरफ से विशेष प्रबंध किए गए थे। उधर, शिव मंदिर सपड़ी में भी पूरे दिन शिव भजन बजते रहे। स्थानीय दुकानदारों नन्हा शर्मा, सूर्यकांत शर्मा, मुकेश शर्मा, कपिल महाजन, बिन्नी, सोनू कैला व विरेंद्र महाजन ने मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा। अस्पताल परिसर के समीप शिव मंदिर में भी पूरा दिन भजन कीर्तन चलता रहा। इस मौके पर अजय कुमार, विशाल, देवेंद्र व नरेंद्र मौजूद रहे। मोहल्ला धड़ोग के शिव मंदिर में भी सुबह से काफी धूम रही। मंदिर में आने वाले समस्त श्रद्धालुओं को मंदिर कमेटी द्वारा प्रसाद बांटा गया। लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में पूरे दिन श्रद्धालुओं की काफी चहल पहल रही।
