
चंबा।(गीता ) वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने वीरवार को जनजातीय क्षेत्र भरमौर की ग्राम पंचायत औरा के लूणा पुल का शिलान्यास किया। इस पुल के निर्माण पर चार करोड़ चार लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस मौके पर एक समारोह में वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने बताया कि पुल निर्माण से सिल्ही, मरूगंडा, कलोहरा, फल्ली, विहुला व औहरा गांवों की लगभग दो हजार आबादी लाभान्वित होगी। इसके बाद उन्होंने 28 लाख 79 हजार रुपये की लागत से निर्मित ढकोग-गुआड़ जीप योग्य मार्ग का उद्घाटन किया। इसके अलावा वन मंत्री ने सुरगे शाफ्ट से खणी वाया अर्की मोटर योग्य मार्ग की आधारशिला रखी। इस मार्ग पर 79 लाख 19 हजार रुपये की राशि व्यय होगी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जिला चंबा के चहुंमुखी विकास के लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य के पिछड़े एवं दुर्गम क्षेत्रों के तीव्र विकास को प्राथमिकता प्रदान कर रही है। इसके बाद वन मंत्री ने तहसील मुख्यालय भरमौर स्थित लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन आवास का भी उद्घाटन किया। इसके निर्माण पर 19 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। इस अवसर पर जनजातीय सलाहकार परिषद के सदस्य भजन सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शुभकरण, पंचायत प्रधान ब्रह्मानंद, कमला देवी, सरण दास, इंटक प्रधान दुनी चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
