113 स्कूलों की सर्विस बुक अपडेट नहीं

धर्मशाला। जिला कांगड़ा के 113 स्कूलों ने लंबे अरसे से अपनी सर्विस बुक अपडेट अथवा वेरिफाई नहीं करवाई है। जिसके चलते विभाग इन्हें डिफाल्टर घोषित करने की तैयारी में है। शिक्षा विभाग ने स्कूलों को दो दिन में अपनी सर्विस बुक अपडेट करने की हिदायत दी है, दो दिन में जानकारी न देने की सूरत में शिक्षा विभाग इन्हें डिफाल्टर घोषित कर देगा। जिला कांगड़ा के 83 सीनियर सेकेंडरी तथा 30 हाई स्कूलों ने अरसे से अपनी सर्विस बुक अपडेट नहीं की है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय के कुछ कर्मियों द्वारा यह ढील बरती गई है। इसके अलावा जिला कांगड़ा के चार प्रारंभिक शिक्षा खंड अधिकारी कार्यालय लंबागांव, फतेहपुर, पंचरुखी और राजा का तालाब भी इसी सूची में शामिल हैं। जिसके चलते विभाग को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल या संस्थान की ओर से सर्विस बुक अपडेट न करने से विभाग को स्टाफ के बारे में जानकारी नहीं मिल पाती। जिससे स्कूलों में रिक्त पड़े पदों को भरने अथवा पदोन्नति आदि में दिक्कत रहती है।
वहीं, उच्च शिक्षा उपनिदेशक देशराज शर्मा ने बताया कि विभिन्न स्कूलों को दो दिन की मोहलत दी गई है। दो दिन में पीएमआईएस सॉफ्टवेयर के माध्यम से अपनी सर्विस बुक वेरिफाई न करने पर स्कूलों पर विभाग के नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts