बैजनाथ में मल्टी स्टोर पार्किंग जल्द : सुधीर

बैजनाथ (कांगड़ा)। पांच दिवसीय राज्यस्तरीय शिवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ पर मुख्यातिथि शहरी विकास एवं नगर नियोजन मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि ऐतिहासिक शिव मंदिर के नीचे विनबा खड्ड के किनारे हो रहे भूस्खलन पर रोक लगाने के लिए सरकार ने 40 लाख की राशि जारी कर दी है। कैफे भैरव के समीप स्थित सरकारी भूमि पर मल्टी स्टोर पार्किंग के निर्माण के लिए संबंधित विभाग को डीपीआर बनाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। नगर पंचायतों के लिए अभी आपत्तियों का समय है, लेकिन कुछ लोग बेवजह रोडे़ अटकाने का कार्य कर रहे हैं। बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र की सड़कों के लिए 18 करोड़, पालमपुर के लिए 4 करोड़ और जयसिंहपुर के लिए साढे़ सात करोड़ की राशि मंजूर की गई है। विधायक किशोरी लाल ने कहा कि स्व. पंडित संत राम के प्रयासों से क्षेत्र में अथाह विकास कार्य हुए हैं। उसके बाद सुधीर शर्मा ने इन कार्यों को जारी रखा है। मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम आरएम ठाकुर ने समस्त गणमान्य लोगों का स्वागत किया। इससे पूर्व सुधीर शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश राणा, एसडीएम आरएम ठाकुर, डीएसपी पुनीत रघु, तहसीलदार डीसी ठाकुर, राजीव सूद, जेएस गुलेरिया, अनुराग शर्मा, वीरेंद्र कटोच, कुलदीप सोनी, मिलाप राणा, विलायती राणा, रविंद्र बिट्टू, शिवराज कटोच, शीला राणा आदि उपस्थित रहे।

Related posts