छठे दिन भी नहीं खुली प्रदेश की 113 सड़कें

शिमला। हिमाचल में बर्फबारी के छह दिन बाद भी 113 सड़कें बंद पड़ी हैं। परिवहन निगम के 100 से ज्यादा रूट प्रभावित हैं। अप्पर शिमला, चंबा, किन्नौर, स्पीति से लेकर अन्य दूरदराज के इलाकों में बिजली और पानी की सप्लाई भी बहाल नहीं हो सकी है। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण शुक्रवार से हिमाचल के कई इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान है। विभाग ने शनिवार को ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात की चेतावनी दी है। इसके अलावा मैदानी इलाकों में शीतलहर के साथ बारिश होगी। आने वाले पांच दिन तक प्रदेश भर में मौसम खराब रहेगा। शिमला केंद्र के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि बुधवार रात और गुरुवार को ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। शुक्रवार को प्रदेश भर में मौसम खराब रहेगा। 24 फरवरी को मौसम के सामान्य रहने की संभावना है। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता नरेश शर्मा ने बताया कि 113 सड़कें दूरदराज क्षेत्रों की बंद पड़ी हैं। सभी बंद सड़कों को खोलने के लिए विभाग के अधिकारियों को अब स्थानीय स्तर पर ही मशीनेें किराये पर लेने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

कहां कितना रहा तापमान
बुधवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 4.7, सुंदरनगर 5.8, भुंतर 4.7, कल्पा 3.0, धर्मशाला 7.2, ऊना 4.7, नाहन 4.1, केलांग -10.0, पालमपुर 6.0, डलहौजी 2.4, सोलन 5.5, चंबा 3.4, मनाली -1.2, कांगड़ा 5.1, बिलासपुर 7.5 और हमीरपुर का न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Related posts