दम घुटने से विद्युत कर्मी की मौत

आनी (कुल्लू)। आनी कस्बे की नालदेहरा कॉलोनी में रहने वाले एक विद्युत कर्मी की शुक्रवार की रात कमरे में रखे हीटर से मैट में आग लगने के बाद धुएं से दम घुटने के कारण मौत हो गई है। डीएसपी मुख्यालय संजय कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात को आनी में विद्युत विभाग में बतौर असिस्टेंट लाइपमैन के पद पर तैनात बुच्छैर पंचायत के रमाली गांव निवासी पूर्ण चंद 42 पुत्र भगत राम ने कमरे में हीटर जला रखा था। हीटर से रात को आग लगने से धुआं फैल गया। आां पूर्ण का दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई। एसएचओ आनी रोहित मृगपुरी ने बताया कि थाना में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार पूर्ण चंद शुक्रवार की रात को अपने क्वार्टर में रात का भोजन करके सोया था। अत्यधिक ठंड होने के कारण उसने हीटर को जला कर रखा था, लेकिन कमरे में बिछी प्लास्टिक की शीट और अन्य ज्वलनशील सामान ने आग पकड़ ली और पूरे कमरे में धुआं भर गया। इसके बाद उसने भागने की कोशिश की लेकिन आग दरवाजे की ओर से लगी होने के कारण उसने बाथरूम में शरण ली। बाद में धुआं इतना फैल गया कि उसका दम घुट गया। धुएं को देखकर रात करीब 11 बजे पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा और अंदर घुसे और पूर्ण चंद को अचेत अवस्था में पाया और तुरंत अस्पताल ले गए। लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया।

Related posts