खंभे से गिरकर बिजली कर्मी की मौत

रिकांगपिओ/सांगला। जिले के मूरंग में खंभे से गिरकर एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान विद्या चंद नेगी (40) पुत्र नरगू छेरिंग निवासी मूरंग के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक बिजली बोर्ड के कर्मचारी जब बर्फबारी से टूटी लाइन को दुरुस्त कर रहे थे, तो एक कर्मचारी खंभे से गिर गया। पंचायत के प्रधान मूरंग अजेंद्र नेगी ने बताया कि कर्मचारी को तुरंत आईटीबीपी के स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक बिजली बोर्ड में टी मेट पद पर सेवारत था। डीएसपी किन्नौर केके वर्धन ने बताया कि शनिवार को पोस्टमार्टम करवाने के शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। इधर, तहसीलदार मूरंग मोहन सिंह नेगी ने बताया कि मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये की फौरी तौर पर सहायता दी गई है।

Related posts