आईजीएमसी के समीप विस्फोट से दहशत

शिमला |

शिमला: प्रदेश स्तरीय आईजीएमसी अस्पताल के समीप सोमवार सुबह करीब 11.30 बजे लैफ्टिनैंट कर्नल विकास के आवास पर हुए विस्फोट से दहशत फैल गई। यह विस्फोट लैफ्टिनैंट कर्नल के आवास से एकत्रित किए गए कूड़े में हुआ जिसकी चपेट में 4 लोग आ गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। जिस स्थान पर यह विस्फोट हुआ, वहां पर लैफ्टिनैंट कर्नल के आवास से कूड़ा एकत्र करने के बाद इसे जलाया जा रहा था। कूड़े में आग लगने के कुछ ही देर बाद विस्फोट हुआ जिसकी चपेट में स्वयं लैफ्टिनैंट कर्नल विकास (37) के अलावा वहां पर कार्यरत वर्कर मनजिंद्र सिंह (26), लैफ्टिनैंट कर्नल के 2 बच्चे आर्यन (10) एवं शाश्वत (4) घायल हो गए। विस्फोट से घायल हुए लैफ्टिनैंट कर्नल सहित 4 को आईजीएमसी से सेना के अस्पताल में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।


घायलों को चंडीगढ़ स्थित अस्पताल में मंगलवार सुबह यहां से रैफर किया जा सकता है।विस्फोट के बाद घायल हुए लैफ्टिनैंट कर्नल विकास एवं उनके वर्कर मनजिंद्र के गंभीर चोटें आने के कारण नॉर्मल आप्रेशन किए गए हैं। हालांकि इन दोनों की हालत स्थिर बताई गई है। विस्फोट के कारण लैफ्टिनैंट कर्नल के दोनों पैरों जबकि उनके वर्कर के पेट पर अधिक चोट आई है जिस कारण दोनों के आप्रेशन करने पड़े हैं। विस्फोट से घायल हुए वर्कर मनजिंद्र सिंह थोड़ी देर के लिए बेहोशी में चले गए। इससे अलावा दोनों के चेहरे पर भी विस्फोट से मामूली चोटें आई हैं।


लैफ्टिनैंट कर्नल विकास का तबादला शिमला से प्रमोशन के बाद जम्मू-कश्मीर में हुआ था। इस पर वह अपने आवास को खाली करके आसपास पड़े सामान को एकत्र कर जला रहे थे। कूड़ा जलने के थोड़ी ही देर बाद इससे विस्फोट हुआ जिससे पास खड़े लैफ्टिनैंट कर्नल सहित चार व्यक्ति चपेट में आ गए। विस्फोट इतना भयानक था कि इससे पूरे अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। इसके तुरंत बाद पुलिस और सेना की एक टुकड़ी मौके पर पहुंच गई। इसके तुरंत बाद पुलिस और सेना की टीमें अपने स्तर पर जांच कार्य में जुट गईं।


आईजीएमसी शिमला के डिप्टी एमएस डा. राहुल के अनुसार सभी घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि सभी को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल में भर्ती रखा गया है, जहां से मंगलवार को सेना के आग्रह पर रैफर किया जा सकता है। शिमला के एसएसपी अभिषेक दुल्लर के अनुसार विस्फोट स्थल से जांच के लिए नमूने ले लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इसकी रिपोर्ट सप्ताह के भीतर आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि सेना के जिस अधिकारी के आवास पर विस्फोट हुआ है, वह प्रमोशन के बाद ट्रांसफर होने के चलते क्वार्टर को खाली कर रहे थे। उनका अधिकांश सामान यहां से चला गया है। उन्होंने कहा कि विस्फोट आवास से निकले कूड़े से हुआ है।

Related posts