विद्युत बोर्ड के खंभे चोरी के मामले में पांच धरे

चंबा। विद्युत बोर्ड के खंभों को चोरी करके ठिकाने लगाने वाले चोर गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता पवन कुमार की शिकायत पर पुलिस ने करीब ढाई लाख रूपए की चोरी के सामान सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया है। बिजली बोर्ड अधिकारी ने वीरवार को स्थानीय पुलिस को सूचना दी कि चोरों ने परेल स्थित बोर्ड के स्टोर से खंभे चुरा लिए हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद छानबीन शुरू की तो पुलिस टीम ने हरदासपुरा स्थित सोनू कबाड़ी के घर पर छापा मारा। वहां पुलिस ने घर के आंगन में दो लोगों को गैस के कटर से चोरी के पोलों को काटते हुए रंगें हाथों धर दबोचा। पुलिस ने कबाड़ी की घर की तलाशी दौरान एल्युमिनियम की तार भी बरामद की है। जांच के दौरान कबाड़ी के घर से नौ मीटर के तीन खंभे, आठ मीटर के 23 खंभे और चार बोरी एल्युमिनयम तार बरामद की हैं। इस सामान की कीमत अढ़ाई लाख रूपए आंकी गई है। मौके पर पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीन और लोगों को दबोचने में कामयाबी हासिल की है। वहीं सोनू कबाड़ी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है।
इस मामले में फारूक मोहम्मद पुत्र गुलाम रसूल निवासी दरकेटी, विजय कुमार पुत्र बोधराज गांव कुरांह, नंदलाल उर्फ लांबू उर्फ सोनू गांव लाहरा परगना हिमगिरि/तीसा, भवानी पुत्र मोहरू राम निवासी गांव पालगा व पप्पी मोहम्मद पुत्र गुलाम रसूल निवासी दरकेटी को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी के खिलाफ भादंसं की धारा 379 व 34 के तहत मामला दर्ज किया है। यह जानकारी देते हुए एसपी जगत राम चौहान ने बताया कि आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Related posts