लंबे इंतजार के बाद पांगी के लिए हुई फ्लाइट

सुलतानपुर (चंबा)। लंबे इंतजार के बाद पांगी घाटी के लिए फ्लाइट की व्यवस्था की गई। वीरवार को मौसम साफ होने के कारण किलाड़ से प्रदेश सरकार का हेलीकाप्टर 20 लोगों को लेकर जिला मुख्यालय स्थित हैलीपैड पर पहुंचा। वहीं चंबा से भी 21 यात्रियों का दल पांगी जाने के लिए तैयार खड़ा था, मगर इनमें से 18 यात्री सवार होकर पांगी पहुंचे। सामान अधिक होने के कारण चार यात्री अपने घर पहुंचने से वंचित रह गए हैं। हेलीकाप्टर में एक समय में लगभग 21 यात्री सवार हो सकते हैं, लेकिन वीरवार को केवल 18 यात्रियों को ही हेलीकाप्टर में बैठने को जगह मिली। इसके बाद पायलट ने सवारियां भरने से मना कर दिया। अगली उड़ान तीन दिन के बाद होगी। बचे हुए पांगीवासियों को उसमें घाटी में पहुंचाया जाएगा। गौर रहे कि बार-बार मौसम खराब होने के कारण लंबे समय से जिला मुख्यालय से पांगी के लिए हेलीकाप्टर उड़ान नहीं भर पा रहा था। लगभग तीन दिन पहले भी पांगीवासी हवाई अड्डा पर हेलीकाप्टर का इंतजार करते रहे, लेकिन मौसम खराब होने के कारण हेलीकाप्टर ने उड़ान नहीं भरी थी। इस कारण यात्रियों को मायूस होकर लौटना पड़ा था।

Related posts