
दुलैहड़ (ऊना)। जिले में चोरों की सक्रियता बढ़ती जा रही है। चोरी की ताजा वारदात दुलैहड़ बाजार में सामने आई है। बाजार में इलेक्ट्रानिक्स की दुकान में सेंध लगाकर चोर लैपटॉप, एलसीडी समेत लाखों रुपये का कीमती सामान लेकर फरार हो गए। डेढ़ माह के भीतर दुलैहड़ बाजार में चोरी की तीसरी वारदात है। इससे लोग सहमे हुए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुलैहड़ बाजार में मंगलवार देर रात्रि इलेक्ट्रानिक्स की दुकान में चोरी हुई है। बुधवार सुबह मालिक गौरव जब दुकान पर पहुंचा तो दुकान के अंदर सामान बिखरा था। वारदात में चोरों ने एक लैपटॉप, एलसीडी, छोटी फोटो मशीन सहित अन्य उपकरणों पर हाथ साफ कर डाला। इनकी कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। दुकानदार गौरव ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों से लोगों में दशहत का माहौल है। डेढ़ महीने के भीतर दुलैहड़ क्षेत्र को चोरों ने तीसरी बार निशाना बनाया। इससे पहले चोर दुलैहड़ की ही एक इलेक्ट्रानिक्स शॉप में सेंध लगाकर करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर चुके हैं। चोरों ने क्षेत्र के यूको बैंक के एटीएम तक क ो तोड़ने का प्रयास किया था। चोर बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
माना जा रहा है कि पंजाब बार्डर से सटे इस इलाके में चोरी की घटना को अंजाम देकर पंजाब सीमा में भाग जाते हैं। उधर, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।
इनसेट
अंब क्षेत्र में भी चोरों ने लोगों की उड़ाई नींद
अंब (ऊना)। अंब इलाके में भी चोरों ने लोगों की नींद उड़ा रखी है। सोमवार क ी रात को अंब के नैहरिया मार्ग पर तथा चुरड़ू इलाके में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का प्रयास किया। अंब में तीन दुकानों के चोरों ने ताले तोड़े। शटर का लाक न खुल पाने के कारण चोर वारदात को अंजाम नहीं दे सके। चुरड़ू में भी चोरों ने आधा दर्जन दुकानों के ताले तोड़े। अभी तक पुलिस इस तरह की वारदातों को अंजाम देने वालों का पकड़ नहीं पाई है। चार दिन पहले चिंतपूर्णी के अस्पताल से एलईडी चोरी होने की वारदात का भी अभी खुलासा नहीं हो सका है। इस वारदात में चोरी साथ वाले कमरे में रखा एलईडी का डिब्बा भी ले गए। डीएसपी अंब मदन कौशल ने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों की धरपकड़ में आम लोग पुलिस को सहयोग दें।
