
बद्दी (सोलन)। राजकीय प्राथमिक स्कूल झाड़माजरी का अज्ञात चोरों ने ताला तोड़ कर रिकार्ड गायब कर दिया है। चोरों ने स्कूल के स्टोर का ताला तोड़ कर वहां से चावल के तीन कट्टे चोरी कर लिए हैं। स्कूल में ताला तोड़ने की 15 दिन के भीतर यह दूसरी घटना है। 21 जनवरी को बद्दी स्कूल के प्रधानाचार्य के कमरे का ताला तोड़ कर अज्ञात चोरों ने उसे आग के हवाले कर दिया था।
अभी तक बद्दी पुलिस इस मामले को सुलझा भी नहीं पाई थी कि झाड़माजरी स्कूल का अज्ञात चोरों ने ताला तोड़ कर रिकार्ड गायब कर दिया है। रिकार्ड के साथ ही चोरों ने बच्चों के दोपहर के भोजन के चावल भी चोरी कर लिए हैं। झाड़माजरी स्कूल के अध्यापक प्रेम सिंह ने बताया कि सुबह जब वह स्कूल पहुंचे तो ताला टूटा हुआ देख कर वह हैरान रह गए। स्कूल के रखा सर्व शिक्षा अभियान क ा रिकार्ड भी गायब पाया गया। स्कूल के आधा दर्जन रजिस्टर नहीं मिल रहे हैं। पूरे कमरे में चोरों ने सामान को बिखेर दिया था। इसके साथ ही स्कूल के स्टोर का भी ताला टूटा हुआ मिला। स्टोर से मिड डे मिल के तीन चावल के कट्टे भी गायब हैं।
इस संबंध में बद्दी के डीएसपी अमित शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर बरोटीवाला पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन की। पुलिस का मानना है यह किसी शरारती तत्व का काम है। रिकार्ड के गायब होने से यह भी संभव है कि स्कूल की जानकारी रखने वाले व्यक्ति भी इस चोरी में शामिल हो सकता है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रख कर छानबीन कर रही है।
