सीयू का रिवाइज प्रपोजल भेजने की तैयारी

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रशासन भवन और कैंपस निर्माण के लिए रिवाइज प्रपोजल तैयार करने में जुट गया है। इसे सीयू प्रशासन नववर्ष की शुरुआत में ही वन एवं पर्यावरण मंत्रालय को भेजने की पूरी तैयारी में है। हालांकि, सीयू प्रशासन को वन विभाग, राजस्व, जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग से औपचारिकताएं पूरी करनी अभी बाकी हैं। सात फाइलों में 500 पृष्ठों के दस्तावेज का संशोधित प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय एक माह के भीतर इस प्रपोजल को तैयार कर लेगा। हिमाचल प्रदेश सरकार लोकसभा चुनाव से पहले सीयू का शिलान्यास करवाने के लिए हर अथक प्रयास कर रही है। प्रदेश सरकार ने संबंधित विभागों को भी इस बारे में दिशा-निर्देश दे रखे हैं। सीयू प्रशासन ने वन विभाग और शिक्षा विभाग से अभी दस्तावेज एकत्र करने हैं और विभिन्न मुद्दों पर अनुमति लेनी बाकी है। वहीं, पंचायतों से एनओसी लेने का कार्य भी अभी बाकी बताया जा रहा है।

आगामी माह तक प्रपोजल भेजने की कोशिश : फुरकान
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. फुरकान कमर का कहना है कि सीयू का रिवाइज प्रपोजल तैयार किया जा रहा है तथा आगामी माह तक इसे भेजने की कोशिश रहेगी।

औपचारिकताएं पूरी करने को दिए निर्देश : सुधीर
धर्मशाला के विधायक व शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा का कहना है कि संबंधित विभागों को औपचारिकताएं पूरी करने के बारे में दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

Related posts