सर्किट बेंच और पक्की नौकरी मांगी

धर्मशाला। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह 28 दिसंबर शाम को चार दिवसीय शीतकालीन प्रवास के लिए धर्मशाला पहुंच गए। मुख्यमंत्री शाम साढ़े तीन बजे पुलिस मैदान धर्मशाला में हेलीकाप्टर से उतरे। यहां कांग्रेस पार्टी के समर्थकों सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री तुरंत मिनी सचिवालय धर्मशाला पहुंच गए। यहां पहुंचते ही वे लोगों की समस्याएं सुनने लग पड़े। सीएम ने सभी लोगों की मांगों को ध्यानपूर्वक सुनकर उनके निदान का आश्वासन दिया। अनुबंध पंचायत सचिव और सहायक संघ के प्रदेश भर के सदस्य शनिवार को धर्मशाला में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मांगों को लेकर मिले। जिला परिषद सदस्य हरभजन सिंह भज्जी में उनके साथ रहे। अनुबंध पंचायत सचिव और सहायकों ने कहा कि वे 15 साल से सरकार में सेवारत हैं, लेकिन अरसा बाद भी उन्हें नियमित नहीं किया गया है। उन्होंने सीएम से उनके नियमितीकरण को लेकर जल्द ठोस नीति बनाने की मांग की। सीएम ने संघ को उनकी मांग पर जल्द अमल करने का आश्वासन दिया। सुनील धीमान, अनिल कुमार, रिंकू, राजेश, संतोष, महिंद्र, अर्जुन, अमित, पम्मी देवी, सुमन कुमारी, सुदर्शना आदि ने कहा कि दूसरे विभागों में सरकार की नीति के तहत छह साल सेवा दे चुके कर्मियों के लिए नियमितीकरण का प्रावधान है। लेकिन, अनुबंध पंचायत सचिव और सहायकों के लिए ऐसी कोई नीति लागू नहीं हो रही है। इस कारण अनुबंध पंचायत सचिव और सहायकों को अपने परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो गया है।
उधर, बार एसोसिएशन के सदस्य मिनी सचिवालय धर्मशाला में मुख्यमंत्री से सर्किट बेंच की मांग को लेकर मिले। बार एसोसिएशन के जिला प्रधान टेक चंद के नेतृत्व में सदस्यों ने सीएम के समक्ष धर्मशाला में सर्किट बेंच की मांग को दोहराया। इस दौरान बार एसोसिएशन के उपप्रधान विक्रम जीत सहित विश्व चक्षु पुरी, जितेंद्र, अंकुर सोनी ने बताया कि उनकी मांग को शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने भी सशक्त तरीके से उठाया। इसके बाद वे परिवहन मंत्री जीएस बाली से भी मिले। जिला प्रधान टेक चंद ने बताया कि सीएम से उनको समस्या के जल्द हल का आश्वासन मिला है। लोगों की समस्याएं सुनने के बाद शाम करीब पांच बजे मुख्यमंत्री परिधि गृह के लिए रवाना हो गए। 29 दिसंबर सीएम सुबह नौ बजे धर्मशाला से इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के मंगवाल के लिए रवाना होंगे।

Related posts