बीमा कंपनी अधिकारी के खिलाफ एफआईआर

पालमपुर (कांगड़ा)। ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक निजी बीमा कंपनी के अधिकारी के खिलाफ उसी कंपनी ने मुकदमा दर्ज कराया है। अधिकारी पर आरोप है कि वह अपने ही ग्राहकों से ठगी कर रहा था। कंपनी प्रबंधन ने कोर्ट के माध्यम से मामला पुलिस में दर्ज करवा दिया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक पालमपुर में एक बीमा कंपनी प्रबंधन ने अपने ही अधिकारी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। अधिकारी पर आरोप है कि वह कंपनी के ग्राहकों को बीमा राशि को लेकर गुमराह करता था और ग्राहकों का पैसा अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर लेता था। पुलिस सूत्र बताते हैं कि यह अधिकारी ग्राहकों से ब्लेंक चेक भी ले लेता था और चेक में भरी जाने वाली राशि में भी हेराफेरी करता था। जिसमें कुछ राशि यह स्वयं डकार रहा था। हालांकि, इस बाबत किसी ग्राहक ने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। लेकिन, उक्त अधिकारी के कारनामों को देख बीमा कंपनी ने ही इसके खिलाफ न्यायालय के जरिये मामला दर्ज करवा दिया है। उधर, अतिरिक्त थाना प्रभारी पालमपुर कुलदीप शर्मा ने कहा कि पुलिस में न्यायालय के माध्यम से शिकायत आई है। पुलिस ने कंपनी के अधिकारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts