
हमीरपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पौंहज में वीरवार को खूब धूम रही। विद्यार्थियों ने ऐसा धमाल मचाया कि दर्शक दीर्घा में उपस्थित जनसमूह झूमने पर विवश हो गया। अवसर था वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का। इसमें मुख्यातिथि के रूप में सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा पहुंचे। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से शुरू हुआ। इसके बाद शुरू हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर। विद्यार्थियों ने गीतों की ऐसी धुन छेड़ी कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। विद्यार्थियों ने चक दे इंडिया… पेश कर खूब वाहवाही बटोरी। इसके बाद ऐसा देश है मेरा… और अरे द्वारपालो… पर भी बेहतरीन प्रस्तुति दी। श्रेष्ठ ब्वायज का खिताब जमा दो के छात्र सोनू और श्रेष्ठ गर्ल्स का खिताब जमा दो की छात्रा मनीषा सिपहिया को दिया गया। इसके बाद मुख्यातिथि ने विभिन्न क्षेत्रों में अव्वल रहने वाले छात्रों को सम्मानित किया। इस दौरान प्रवक्ता राजेंद्र शर्मा, शामली जसवाल, सुदेश कुमारी आदि उपस्थित थे। इससे पहले प्रधानाचार्य ने मुख्यातिथि को सम्मानित किया और वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। विधायक राजेंद्र राणा ने विद्यालय के साइंस ब्लॉक के तीन कमरों का शिलान्यास भी किया। कहा कि इनका निर्माण शीघ्र ही कर दिया जाएगा।
