पूर्व सैनिक सरकार से रुष्ट

हमीरपुर। सैनिक कल्याण विभाग में डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर सहित अन्य कई पद रिक्त पड़े हुए हैं। इससे सैनिकों के कई कार्य लटके हुए हैं। सैनिक विभाग के चक्कर काटने को मजबूर हैं। कई बार चक्कर काटने के उपरांत भी उनके काम नहीं हो रहे हैं। सैनिकों की सुनवाई करने वाला विभाग में कोई नहीं है। न ही सरकार सुनवाई कर रही है। रिक्त पदों को नहीं भरा जा रहा है। पूर्व सैनिक लीग हमीरपुर इकाई की बैठक में पूर्व सैनिकों ने विभाग और सरकार के खिलाफ खूब गुबार निकाला। बैठक का आयोजन लीग कार्यालय हमीरपुर में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर दलीप सिंह की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में पूर्व सैनिकों के कल्याण व उनकी समस्याओं के समाधान के बारे में विचार विमर्श किया गया। पूर्व सैनिकों ने सैनिक कल्याण विभाग में रिक्त पड़े पदों को भरने के लिए विभाग और सरकार की उदासीनता पर रोष प्रकट किया। पूर्व सैनिकों ने विभाग और सरकार से मांग की है कि इन पदों को जल्द से जल्द भरा जाए ताकि पूर्व सैनिकों के लंबित पड़े कार्य पूरे हो सकें। पूर्व सैनिकों ने ईसीएचएस हमीरपुर और बड़सर में फैली अव्यवस्थाओं पर भी चर्चा की और एसएम जेएस चौहान से समस्याओं को दूर करने का आग्रह किया। अध्यक्ष ने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। बैठक में कर्नल आरएल शर्मा, एमएस परमार, पृथ्वी चंद, एसकेएस चंबियाल, एमआर भारद्वाज, एसएस गुप्ता, कैप्टन लाल चंद, डीएम शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Related posts