पांडे जी बजाए सीटी.. ने हंसाए अभिभावक

कंडवाल (कांगड़ा)। रोज पब्लिक स्कूल सुल्याली ने वीरवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम से मनाया। उपमंडल के प्रमुख शिक्षाविद सुदर्शन शर्मा ने समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कहा कि छात्रों को हमेशा अनुशासन में रहकर समाजसेवा के कार्यों में तत्पर रहना चाहिए। आज समाज में कई प्रकार की कुरीतियां पनप रही हैं। समाज को इन कुरीतियों से मुक्ति दिलाने में छात्र वर्ग अहम भूमिका निभा सकते हैं। इस दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं की ओर से प्रस्तुत पंजाबी नृत्य ने खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम पेश कर अपनी कला का बखूबी प्रदर्शन किया। छात्रों ने लुंगी डांस, आपका क्या होगा जनो अली, पांडे जी बजाए सीटी, गणेश वंदना एवं वंदे मातरम् तथा गोवा की संस्कृति पर आधारित नृत्य पेश कर अभिभावकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। प्रधानाचार्य संजय सौगुनी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्यातिथि सुदर्शन शर्मा ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्य अध्यापिका बवीता सौगुनी तथा कर्नल बीएस पठानिया, राजीव पठानिया, यशविंद्र पठानिया तथा रघुवीर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related posts