
धर्मशाला। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने प्रदेश में स्टूडेंट मेनिफेस्टो लांच किया है। वीरवार को संगठन के राष्ट्रीय सचिव सुरजीत भरमौरी ने धर्मशाला में इसकी लांचिंग की। भरमौरी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इस मुहिम को छेड़ा है। जिसके तहत देश भर के छात्रों और युवाओं से शिक्षा में सुधार को लेकर उनकी राय ली जाएगी। उन्हें एक फार्म दिया जाएगा, जिसमें शिक्षा, साइंस और टेक्नोलॉजी, रोजगार, स्पोर्ट्स, यूथ और अन्य मामलों में राय मांगी जाएगी। वहीं, छात्र एनएसयूआई की वेबसाइट पर ऑनलाइन राय भी दे सकते हैं। 20 जनवरी तक इस मुहिम को अंजाम देने के बाद छात्रों और युवाओं की राय एआईसीसी कार्यालय दिल्ली में जमा करवाई जाएगी। एनएसयूआई पहला छात्र संगठन है, जिसने छात्रों के लिए मेनिफेस्टो तैयार किया है। वहीं, भरमौरी ने एबीवीपी पर निशाना साधते हुए कहा कि वोटर कार्ड बनाना चुनाव आयोग का कार्य है, न कि किसी छात्र संगठन का। इस मौके पर धर्मशाला रीजनल सेंटर सीएससीए प्रधान अनुज कुमार, प्रदेश महासचिव गौरव कुमार, वरिष्ठ नेता होतम राम, मनिमहेश, अक्षित, सत्यम, शिखा और शालू आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
