38,962 बच्चे पीएंगे दो बूंद जिंदगी की

हमीरपुर। पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत 19 जनवरी को शून्य से 5 वर्ष के 38,962 बच्चों को पल्स पोलियो प्रतिरक्षण दवाई पिलाई जाएगी। दवाई पिलाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 264 तथा शहरी क्षेत्रों में 18 बूथ स्थापित किए गए हैं। इनमें 1130 वैक्सीनेटर तथा 56 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। एडीसी हिमांशु शेखर चौधरी ने स्वास्थ्य विभाग के प्रबंधों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिला कार्यक्रम अधिकारी के अतिरिक्त जिला में समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी इसमें आवश्यक सहयोग देंगे।
अभियान को सफल बनाने के लिए आठ ट्रांजिट दलों तथा 22 मोबाइल टीमों का विशेष गठन किया गया है।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को भी निर्देश दिए हैं कि सभी स्कूलों में प्रात:कालीन सभा में इस अभियान के बारे बच्चों को जागरूक करें ताकि इस अभियान की जानकारी हर गांव घर तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूर जो झुग्गी-झोपड़ियों, ईंट भट्ठों तथा विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्य स्थलों पर काम करते हैं, उनके बच्चों को दवाई पिलाने के लिए 57 मोबाइल टीमों का गठन किया है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अनुज गुप्ता ने लोगों को अपने बच्चों को पोलियो बूथ तक लाने की अपील की। कहा कि पल्स पोलियो कार्यक्रम की सफलता लोगों के सहयोग पर निर्भर करती है।

Related posts