नौहाण में लगी सेंध

बड़सर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत जमली के अंतर्गत नौहाण गांव में शातिरों ने एक घर में सेंधमारी की। वारदात के समय घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। परिवार के सभी सदस्य दिल्ली में रहते हैं। इसी का लाभ उठाकर शातिरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार मलकीयत सिंह पुत्र प्रभदयाल के घर चोरों ने शनिवार देर रात को सेंधमारी की घटना को अंजाम दिया। रविवार सुबह गांव के भाग सिंह ने देखा कि उसके भाई के मकान का ताला टूटा हुआ है। उसने कमरे में जाकर देखा तो पाया कि सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसकी जानकारी उसने पंचायत प्रधान व पुलिस चौकी दियोटसिद्ध में दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों के बयान ले लिए हैं। पुलिस घर के मालिक के आने के बाद ही वारदात की छानबीन कर सकेगी। मकान से शातिरों ने क्या चोरी किया है, परिवार के सदस्यों के घर पहुंचने के बाद ही पता चल सकेगा। क्षेत्र में दिन प्रतिदिन बढ़ रही चोरियों से गांववासी भयभीत हैं। गत माह भी क्षेत्र में चोरी की घटना हो चुकी है। पुलिस अभी तक चोराें का पता नहीं लगा पाई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में रात को गश्त बढ़ाई जाए जिससे चोरी की वारदातों पर अंकुश लग सके।
उधर, डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि नौहाण गांव में चोरी होने का मामला आया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts