
कुल्लू। भारी बर्फबारी से बंद औट-लुहरी राज्य मार्ग को खोलने के लिए लोनिवि बंजार और आनी ने कमर कस ली है। लोनिवि बंजार और आनी अपने-अपने अधिकार क्षेत्र से मार्ग को बहाल करने में जुट गया है। सोमवार को विभाग ने 60 मजदूर, दो जेसीबी तथा दो डोजर की तैनाती कर बर्फ को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। घियागी सेे चैहणी तक बर्फ से ढका औट-लुहरी राज्य मार्ग के करीब बीस किलोमीटर के हिस्से से बर्फ को हटाना होगा। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अगर मौसम ने साथ दिया तो हफ्ते के भीतर इस महत्वपूर्ण मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। बहरहाल, दर्रा के बंद होने से जिला के बाह्य सराज की 58 पंचायतें जिला मुख्यालय से पूरी तरह कट गई हैं। जरूरतमंद लोग जान जोखिम में डाल ढाई फुट बर्फ से लिपटे दर्रा को पैदल आरपार कर रहे हैं। सोमवार को करीब दो दर्जन लोगोें ने दर्रा को आरपार किया है। लोनिवि बंजार के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि घियागी से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। अभियान में 40 के करीब मजदूर और एक जेसीबी तथा डोजर लगाया गया है।
उधर, आनी के सहायक अभियंता डीआर काश्यप के मुताबिक विभाग ने चैहणी से बर्फ हटानी शुरू कर दी है। एक जेसीबी, एक डोजर व दो दर्जन मजदूर मोर्चा संभाल कर सड़क बहाली में जुटे हैं।
