सड़क चौड़ीकरण से ध्वस्त हुई तीन पेयजल योजनाएं

डीडीहाट। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा किए जा रहे चर्मा-ओगला मोटर मार्ग के चौड़ीकरण से क्षेत्र की तीन पेयजल योजनाएं पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को गंभीर पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है।
बीआरओ द्वारा चर्मा-ओगला मोटर मार्ग के चौड़ीकरण में बरती जा रही लापरवाही से ननकुड़ी-चौसाल-भागीचौरा पेयजल योजना को काफी नुकसान पहुंचा है। चर्मा गधेरे से चर्मा बाजार के लिए बनी पेयजल लाइन और अजेड़ा-ओगला पेयजल योजनाएं भी सड़क चौड़ीकरण के चलते बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। कई जगह पर पेयजल योजना का नामोनिशान तक मिट गया है। भागीचौरा विकास संघर्ष समिति के संरक्षक विवेक जोशी ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बाद भी विभाग मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में पेयजल लाइनों को ठीक कर जल आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो ग्रामीणों को साथ लेकर बीआरओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया जाएगा।
उधर, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एमसी भार्गव ने बताया कि इस संबंध में बीआरओ के अधिकारियों से वार्ता हुई है। जल्द ही इस दिशा में कार्रवाई नहीं होने पर ग्रिफ को नोटिस जारी किया जाएगा।

Related posts