नजूल भूमि बचाने को दूसरे दिन भी दिया धरना

हल्द्वानी। हल्द्वानी बचाओ संघर्ष समिति पदाधिकारियों का भोलानाथ गार्डन की नजूल भूमि बचाने के लिए बुद्ध पार्क में अनिश्चितकालीन धरना रविवार दूसरे दिन भी जारी रहा। समिति संयोजक मदन मोहन जोशी ने कहा कि नजूल भूमि से कब्जा नहीं हटाया गया तो भोलानाथ गार्डन के लिए आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे। नजूल भूमि को बचाने की मांग को लेकर जोशी के नेतृत्व में कालाढूंगी रोड के आटो चालक और भोलानाथ गार्डन के दर्जनों लोग बुद्ध पार्क में धरने पर बैठे हैं। रविवार को शहर के कई लोग नजूल भूमि को कब्जा मुक्त कराने के समर्थन में आए और धरने पर बैठे। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मेहरा एवं प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने कहा कि सरकारी जमीन को किसी भी कीमत पर बेचने नहीं दिया जाएगा। नवीन दुम्का ने कहा कि भू-माफिया को सरकारी जमीन का सौदा नहीं करने दिया जाएगा। पूरन भगत, हरीश भट्ट, वीरेंद्र जग्गी, गुरविंदर सिंह चड्डा, दीपक सिंह, हेमंत साहू, प्रेम बेलवाल, भुवन जोशी, भरत रावत, कुंदन आर्या और मुकुल जोशी ने समर्थन दिया है।

Related posts