
बड़सर-बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल की ग्राम पंचायत भैल के तहत आने वाले गांव बरोटी में रहस्यमयी परिस्थितियों में व्यक्ति की मौत हो गई। मौत के कारण को लेकर पुलिस भी उलझन में फंसी हुई है। पुलिस पहले मौत का कारण गोली लगना मान रही थी लेकिन पोस्टमार्टम के बाद लोहे का टुकड़ा मिलने से उलझ गई है। बहरहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
प्रशोत्तम दास पुत्र लौका राम उम्र 48 वर्ष गांव बरोटी शुक्रवार सुबह अपने घर के आंगन में औजारों को सेंक रहा था तथा उसकी पत्नी बीना देवी पंखे से हवा दे रही थी। सुबह करीब साढ़े सात बजे एक धमाके की आवाज सुनाई दी। उसकी पत्नी ने देखा की पति की छाती से खून निकल रहा है। देखते ही पति तड़पने लगा। परिजन उसे हमीरपुर अस्पताल ले गए लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्रशोत्तम दम तोड़ चुका था।
घटना की सूचना पुलिस को ग्रामीणों ने फोन पर दी। बड़सर थाना के डीएसपी मदन कांत शर्मा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा घटना का जायजा लिया। पुलिस पहले शिकार के दौरान गोली चलने से मौत होना मान रही थी लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में व्यक्ति के छाती में बारीक लोहे का टुकड़ा मिला। माना जा रहा है कि औजार सेंकते समय कोई बारूद या ग्रेनेड तरह की चीज में आग के कारण धमाका हुआ है। इससे नुकीली चीज व्यक्ति की छाती में घुस गई जो व्यक्ति की मौत का कारण बना। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।
डीएसपी मदन कांत शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया में अवैध शिकार के चलते गोली लगना मान रही थी लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छह सेंटीमीटर कोई नुकीली चीज छाती में पायी गई है। गोली लगने से मौत होना नहीं लग रहा है। पुलिस ने फिलहाल ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
