
बंजार (कुल्लू)। कई वर्ष से अधर में लटकी बरनागी-मशियार सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए मशियार पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता विनोद आनंद से मिला। वर्ष 2007 से शुरू हुए बरनागी-मशियार सड़क के निर्माण कार्य में हो रही देरी से मशियार पंचायत के ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष है। ग्राम पंचायत मशियार की प्रधान कांता देवी, उप प्रधान प्रकाश ठाकुर, समिति सदस्य मंगली देवी, पूर्व प्रधान खूब राम तथा पूर्व वार्ड पंच चंदे राम सहित कई ग्रामीणों ने एक्सईएन से मिलकर सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को अवगत करवाते हुए कहा कि इस सड़क का निर्माण कार्य वर्ष 2007 में शुरू हुआ था, लेकिन अभी तक विभागीय लापरवाही के कारण सड़क मात्र तीन किलोमीटर ही बन पाई है। उन्होंने कहा कि सड़क का काम समय पर पूरा नहीं होने से दुर्गम पंचायत मशियार के कमेड़ा, मशियार, मझली, घलयाड़ सहित घगींचा के ग्रामीण आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ग्रामीणों की सहूलियत के लिए तीन किलोमीटर तक निकल चुकी सड़क को छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए दुरुस्त किया जाए। इसके साथ ही विभाग को शीघ्र टीला पुल से आगे की सड़क का निर्माण कार्य भी शुरू कर देना चाहिए। जिला शिकायत निवारण समिति सदस्य टीसी महंत ने कहा कि गत दिनों हुई जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक में बरनागी-मशियार, देउरी- शनाड़, ग्राहों -लवाड़ वाया पेड़चा, जिभी गाड़ागुशैणी तथा घियागी-सजवाड़ सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाने का मामला प्रमुखता से उठाया गया था। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता विनोद आनंद ने मशियार पंचायत के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन देते हुए कहा कि विभाग सड़कों के निर्माण को लेकर प्रयासरत है। सड़क का निर्माण कर रहे ठेकेदार को सड़क निर्माण में तेजी लाने के लिए कहा जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द पंचायतवासियों को सड़क सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।
