
जोहांसबर्ग: भारतीय क्रिकेट टीम ने वांडरर्स स्टेडिमय में बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के साथ शुरू हुए पहले टेस्ट मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत ने इस अहम मुकाबले से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन एकदिवसीय मैच खेले हैं। दो में उसकी बुरी तरह हार हुई थी और तीसरा मैच रद हो गया था। इसके बाद दो दिवसीय अभ्यास मैच खेला जाना था, लेकिन वह मैदान खराब होने के कारण नहीं हो सका।
ऐसे में भारतीय टीम को विश्व की सर्वोच्च वरीय टेस्ट टीम के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए हालात के साथ तालमेल बनाने को खासी मशक्कत करनी पड़ सकती है। मनोवैज्ञानिक तौर पर भारतीय टीम थोड़ी पीछे है क्योंकि एक तो वह एकदिवसीय श्रृंखला गंवा चुकी है और दूसरे, एकदिवसीय मैचों के दौरान शार्टपिच गेंदों पर उसके कई प्रमुख बल्लेबाजों की कमजोरियां सामने आई हैं।
भारत सचिन तेंदुलकर का युग समाप्त होने के बाद पहला टेस्ट मैच खेल रहा है। सचिन ने मुंबई में बीते महीने 200वां टेस्ट खेलने के बाद सन्यास लिया था। विराट कोहली की विदाई के बाद खाली हुए चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करेंगे।
टीमें:
भारत: मुरली विजय, शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), रविचंद्रन अश्विन, इशांत शर्मा, जहीर खान और मोहम्मद समी।
दक्षिण अफ्रीका: ग्रीम स्मिथ (कप्तान), अल्वारो पीटरसन, हाशिम अमला, जैक्स कैलिस, अब्राहम डिविलियर्स, दू प्लेसिस, ज्यां पॉल ड्यूमिनी, वेरनॉन फिलेंडर, डेल स्टेन, मोर्न मोर्कल, इमरान ताहिर।
