
खराहल (कुल्लू)। देवभूमि कुल्लू का समाज देवी-देवताओं पर आधारित है। समय-समय पर यहां देवी-देवता पवित्र स्नान के लिए निकलते हैं। इसी कड़ी में खराहल घाटी के आराध्य देवता माहुटी नाग इन दिनों धार्मिक नगरी मणिकर्ण की यात्रा पर निकले हैं। उनके साथ घाटी के सैकड़ों ग्रामीण भी इस रस्म अदायगी में भाग लेंगे। 17 दिसंबर को देवता मणिकर्ण में देवविधि के अनुसार शाही स्नान करेंगे। देवता पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों तथा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ स्नान करेंगे। इस अवसर पर देवता भगवान राम के साथ भव्य मिलन भी करेंगे। मिलन के दौरान यहां सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इस पवित्र देव यात्रा में खराहल घाटी के दर्जनों गांवों के ग्रामीण भाग ले रहे हैं। स्नान के पश्चात मंगलवार की रात का ठहराव कसोल गांव में होगा, जबकि अगले दिन देवता पीणी गांव पहुंचेंगे। देवलु भुवनेश्वर ठाकुर, शोभा राम, बुध राम शर्मा तथा ज्ञान चंद का कहना है कि देव परंपरा को निभाने के लिए घाटीवासी उत्सुक रहते हैं। देवता के कारदार अमरनाथ ने कहा कि देव आज्ञा के तहत तीन साल बाद इस धार्मिक तथा पवित्र यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पवित्र स्नान के बाद देवता के मंदिर कोट स्थित देवता के पहुंचने पर यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
