स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़कों पर हुआ विकास : गंगू राम

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 12वीं पंचवर्षीय योजना के लिए 22 हजार 800 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान रखा गया है। यह 11वीं पंचवर्षीय योजना से 65 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने यह जानकारी सोमवार को देव सदन में आयोजित अर्थशास्त्र पर दो दिवसीय राष्ट्रीय समावेश विकास संगोष्ठी के शुभारंभ पर दी। इस अवसर पर गंगू राम मुसाफिर ने कहा कि हिमाचल पहाड़ी राज्य ने 1948 में अपना सफर जीरो से शुरू किया और आज यह राज्य पर्वतीय राज्यों में उन्नति की मिसाल है। मुसाफिर ने कहा कि प्रदेश ने स्वास्थ्य, शिक्षा तथा सड़कों के क्षेत्र में अभूतपूर्व तरक्की की है तथा प्रदेश में तीव्र विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 65335 रुपये है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर 53331 रुपये है। उन्होंने बताया कि प्रदेश का 45 प्रतिशत बजट सामाजिक सुरक्षा पर व्यय हो रहा है, जिससे निर्धन वर्ग का उत्थान हो सके। इससे पूर्व हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एएन वाजपेयी व राजकीय महाविद्यालय कुल्लू की प्रधानाचार्य धनेश्वरी शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा संगोष्ठी का विस्तृृत विवरण प्रस्तुत किया।

Related posts