शराब माफिया को सबक सिखाएंगे महिलाएं

अंद्रेटा/पंचरुखी (कांगड़ा)। अंद्रेटा में शराब माफिया के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। शराब माफिया को सबक सिखाने के लिए महिलाएं रात को पहरा दे रही हैं। इसके लिए बाकायदा पंचायत प्रधान तथा महिला मंडल की महिलाओं ने पंचायत में प्रस्ताव पारित कर दिया है। अंद्रेटा इलाके में लगातार फल-फूल रहे अवैध शराब के धंधे से ग्रामीण परेशान हैं। महिलाएं इससे अधिक तंग हैं। कारोबार की चपेट में स्कूली बच्चे भी आने लगे हैं। इसके चलते महिलाओं ने अब शराब माफिया को सबक सिखाने की ठान ली है। शिव महिला मंडल, चिन्मय बंजोली महिला मंडल तथा सूद महिला मंडल की महिलाओं ने सोमवार को अंद्रेटा पंचायत घर में एकत्र होकर पंचायत में प्रस्ताव पारित कर दिया है। इसे उपायुक्त, जिला पुलिस प्रमुख तथा एसडीएम को सौंपा जाएगा।
पंचायत प्रधान रजनी देवी, कमलेश कुमारी, रीता देवी, रेखा, गुड्डो देवी, सीता देवी, शारदा देवी, सुनीता, सुषमा, सीमा, बिशना, चंचला, तृप्ता, सोनी का कहना है कि अंद्रेटा में शराब माफिया पांव पसारा है। स्कूली बच्चे भी प्रभावित हो रहे हैं। पुलिस से बेखौफ हो कर शराब माफिया इस काम को अंजाम देने में लगा है। महिलाएं अब रात को सड़कों पर उतर कर इनका कारोबार बंद करवाएंगी। उधर, पंचरुखी पुलिस चौकी प्रभारी भूप सिंह सेन ने कहा कि पुलिस इलाके में गश्त कर रही है। शराब माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।

Related posts