बेकाबू कार ने छह को मारी टक्कर

अंब/धुसाड़ा (ऊना)। एक चाय की दुकान पर बैठकर चाय की चुस्कियां लेना लोगों को भारी पड़ गया। बेकाबू कार ने पहले एक व्यक्ति को रौंदा, उसके बाद चाय की दुकान पर चाय पी रहे पांच लोगों को अपनी जद में ले लिया। सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया है। धुसाड़ा बाजार में हुई इस घटना के बाद अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक अंब-ऊना मुख्य मार्ग पर धुसाड़ा बाजार में ऊना की तरफ से आ रही एक कार (पीबी-03वाई-6050) बेकाबू होकर टी स्टाल की ओर मुड़ी। टी स्टाल के बाहर बस का इंतजार कर रहे सुरेंद्र कुमार को बेकाबू कार ने अपनी चपेट में लिया। उसके बाद बेकाबू कार ने सड़क किनारे चाय की दुकान पर बैठकर चाय पी रहे गुरमीत सिंह, पवन कुमार, रफीक मोहम्मद और विनय कुमार समेत एक अन्य को भी अपनी जद में ले लिया। घटना की सूचना तुरंत 108 एंबुलेंस और पुलिस को दी गई। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। अंब थाना से ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी कार चालक की पहचान भुवनेश कुमार निवासी झलेड़ा के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Related posts