
अवाहदेवी (हमीरपुर)। अवाहदेवी क्षेत्र में तीन पंचायतों के लोग सात माह से सोलर लाइटें लगने का इंतजार कर रहे हैं लेकिन लाखों रुपये की राशि हिम ऊर्जा के पास एडवांस में जमा करवाने के बावजूद लाइटें नहीं लग पाई हैं। पंचायतों ने करीब पांच लाख रुपये की राशि हिम ऊर्जा के पास लाइटें लगाने के लिए जून माह में जमा करवा दी थी।
अवाहदेवी क्षेत्र में समीरपुर, बगवाड़ा, दाड़ी पंचायतों में करीब 182 सोलर लाइटें लगाई जानी हैं। पंचायतों ने प्रति लाइट 2731 रुपये की दर से राशि भी विभाग के पास जमा करवा दी थी लेकिन लाइटें नहीं लगीं। समीरपुर पंचायत ने 100 लाइटें लगाने के लिए 2 लाख 73 हजार 100 रुपये, बगवाड़ा पंचायत ने 75 लाइटें लगाने के लिए 2 लाख 04 हजार 825 रुपये की राशि तथा दाड़ी पंचायत ने 7 लाइटें लगाने के लिए 19117 रुपये की राशि जमा करवाई है। सात माह बाद भी लाइटें न लगने से ग्रामीण नाराजगी जता रहे हैं।
ग्रामीणों मनोहर लाल, बनारसी दास, मेहर सिंह, ध्यान चंद, शक्ति चंद, बिहारी लाल, जसवीर सिंह, प्रेम सिंह चंदेल, डॉ. मिल्खी राम ने धीमी गति को लेकर रोष व्यक्त किया। कहा कि अधिकारियों को पहले ही कंपनी से संपर्क रखना चाहिए और पैसे जमा होते ही आर्डर प्लेस कर लाइटें लगा देनी चाहिए। समीरपुर वार्ड से पंचायत समिति सदस्य संजीव कुमार का कहना है कि विभाग से संपर्क बनाए हुए हैं। पंचायतों में जल्द से जल्द लाइटें लगवाने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर, हिम ऊर्जा के कनिष्ठ अभियंता रमेश ठाकुर का कहना है कि पूर्व में जिस कंपनी से बात हुई थी, उसने निर्धारित समय में सोलर लाइटें उपलब्ध नहीं करवाई जिस कारण समस्या पेश आई है। दूसरी कंपनी से बातचीत चल रही है, जल्द ही आर्डर प्लेस कर दिया जाएगा। प्रयास रहेगा कि दिसंबर अंत तक समीरपुर, बगवाड़ा पंचायतों में सोलर लाइटें लगा दी जाएंगी।
