
हमीरपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बोहनी से भरवाण तक बनाए जा रहे संपर्क मार्ग का रुका कार्य फिर से शुरू हो जाएगा। जिस व्यक्ति ने कोर्ट केस कर निर्माण कार्य रुकवाया था, उसने केस वापस ले लिया है। व्यक्ति के केस वापस लेने से विभाग और लोगों को सड़क निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद जगी है। हालांकि सड़क निर्माण कार्य के लिए तय अवधि समाप्त हो चुकी है, लेकिन विभाग ने संबंधित ठेकेदार के साथ संपर्क कर निर्माण कार्य पूरा करने की कवायद शुरू कर दी है।
बोहनी से भरवाण संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मार्च 2011 में शुरू हुआ था। संपर्क मार्ग के लिए एक करोड़ 35 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए मार्च 2012 तक का समय निर्धारित किया गया था। लेकिन भरवाण गांव के एक व्यक्ति ने गिफ्ट डीड देने के बावजूद कोर्ट केस कर निर्माण कार्य को रुकवा दिया था। सड़क के लिए किए गए कटान से लोगों के खेतों को नुकसान पहुंच रहा था। बारिश का सारा पानी लोगों के खेतों में जा रहा था, जिस कारण लोगों के खेत खराब हो रहे थे। उक्त व्यक्ति ने अब केस वापस ले लिया है। इससे लोगों को अब संपर्क मार्ग के बनने की उम्मीद जगी है।
लोक निर्माण विभाग लंबलू के सहायक अभियंता पीपी सिंह का कहना है कि जिस व्यक्ति ने कोर्ट केस कर संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य रुकवाया था, उसने केस वापस ले लिया है। निर्माण के लिए तय अवधि समाप्त हो चुकी है, इसलिए संबंधित ठेकेदार के साथ संपर्क किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
