प्रोजेक्टों में तैनात होंगे होमगार्ड

चंबा। आठवीं वाहिनी प्रशिक्षण केंद्र सरू में गृहरक्षक व नागरिक सुरक्षा का 51वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर उपायुक्त संदीप कदम मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र सरू में कंप्यूटर स्ट्रक्चर के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवानों के लंबित पड़े वेतन के मामले को भी उचित माध्यम से सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। गृहरक्षक व नागरिक सुरक्षा विभाग एक सक्षम विभाग है। महिला व पुरुष जवान किसी भी प्रकार के कार्य को करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना, प्राकृतिक आपदा के अलावा हर वक्त मुस्तैदी से संपूर्ण भाव के साथ होमगार्ड के जवान कार्य कर रहे हैं, जो कि सराहनीय है। उन्होंने कहा कि जिले के प्रोजेक्टों में होमगार्ड के जवानों की तैनाती के लिए गंभीरता से प्राथमिकता के आधार पर मामला सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। इससे इन जवानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकेगी। इससे पहले होमगार्ड के कमांडेंट कुलदीप शर्मा ने उपायुक्त का कार्यक्रम में पहुंचने पर स्वागत किया। इसके अलावा विभाग की गतिविधियाें की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। जिला में सात कंपनियां है, जिनमें से एक महिला होमगार्ड की कंपनी शामिल है। होमगार्ड जवानों को कंप्यूटर शिक्षा के साथ-साथ गणित, इंगलिश व अन्य प्रोफेशनल कोर्स के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मौजूदा समय में प्रशिक्षण केंद्र में करीब 70 जवान कार्यरत हैं। इस मौके पर होमगार्ड एसोसिएशन के प्रधान जोगिंद्र सिंह ने उपायुक्त को टोपी व शाल पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृति कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसके अलावा साइलेंट ड्रिल, जवानों की ओर से बिना हथियार युद्ध कौशल और रेस्क्यू पार्टी का प्रदर्शन किया। उपायुक्त ने प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान उपायुक्त के समक्ष प्रशिक्षण केंद्र के लिए भवन निर्माण और ट्रेनिंग के लिए कंप्यूटर की व्यवस्था करवाने की मांग की गई।

Related posts