
कांगड़ा। स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के लिए हिमाचल में गठित लौह संग्रह समिति के संयोजक जयराम ठाकुर ने कांगड़ा में कहा कि आजादी के बाद देश सरदार बल्लभ भाई पटेल को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता था लेकिन पंडित नेहरू ने सपना साकार नहीं होने दिया। पटेल ने सफलतापूर्वक 561 रिसायतों का विलय किया जबकि नेहरू की ओर से संभाली गई एक रिसायत (जम्मू कश्मीर) के झगड़े झमेले, धारा 370 जैसे मसले आज तक हल नहीं हो पाए हैं।
कांगड़ा में 15 दिसंबर को सरदार बल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के बाद पत्रकार वार्ता में जयराम ने कहा कि इसके लिए नौ दिसंबर को हिमाचल, जम्मू कश्मीर, पंजाब और चंडीगढ़ की नॉर्थ जोन की कार्यशाला होगी। 11 दिसंबर को शिमला में गुजरात प्रदेश की तरफ से मंत्री, विधायक व वरिष्ठ अधिकारी स्टेच्यू ऑफ यूनिटी की जानकारी देंगे। 15 दिसंबर को पटेल की पुण्यतिथि पर हिमाचल के सभी जिला केंद्रों में रन फार यूनिटी के कार्यक्रम आयोजित होंगे। धर्मशाला में शांता कुमार रन फार यूनिटी को हरी झंडी देंगे। जयराम ने कहा कि एग्जिट पोल से स्पष्ट हो गया है कि देश में भाजपा की प्रचंड लहर है।
इस दौरान पार्टी नेता किशन कपूर, रमेश धवाला, विधायक सरवीण चौधरी, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा, पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा, संजय चौधरी, कृपाल परमार, रमेश बराड़, कुलभाष चौधरी, हिंदवीर कोहली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मोदी फरवरी में आएंगे हिमाचल: परमार
प्रदेश भाजपा महामंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि फरवरी माह में भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी हिमाचल आएंगे। इसके लिए 22 दिसंबर को नूरपुर में बैठक आयोजित होगी।
