
सिहुंता (चंबा)। पंजला-कियोड़ सड़क पर लगभग एक माह पहले बिछाई गई तारकोल उखड़ना शुरू हो गई है। इस कारण लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। लोक निर्माण विभाग ने इस चार किलोमीटर सड़क का मरम्मत कार्य एक ठेकेदार को दिया है। ठेकेदार ने एक तरफ सड़क पर तारकोल बिछाने का काम शुरू किया है, तो दूसरी तरफ एक महीने में ही तारकोल उखड़ना शुरू हो गई है। इससे सड़क की हालत काफी खस्ता हो गई है। उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुशील धीमान ने बताया कि सर्दी के मौसम में कोहरा पड़ने की वजह से तारक ोल उखड़ रही है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां तारकोल उखड़ रही है, वहां पर ठेकेदार को दोबारा तारकोल बिछाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस सड़क का मरम्मत कार्य पांच साल तक संबंधित ठेकेदार की ओर से ही किया जाएगा।
