तांदी पंचायत के लिए बनेगी सिंचाई योजना

केलांग। लाहौल घाटी के मालंग गांव में पंचायत तथा ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष एवं जिला लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र का संपूर्ण विकास पंचायतों के माध्यम से किया जा रहा है। ऐसे जागरूकता शिविरों के माध्यम से न केवल पंचायती राज बल्कि संस्थाओं के जन प्रतिनिधि भी जागरूक होंगे। उहोंन्ने बताया कि तांदी पंचायत के लोगों को सिंचाई के लिए खडिंप से पंचायत के 16 गांवों को पानी प्रदान करने के लिए योजना तैयार की गई है। इस अवसर पर जिला पंचायत अधिकारी रणजीत सिंह, परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण डा. हीरा नंद तथा खंड विकास अधिकारी शांति देवी ने अपने-अपने विभागों से संबंधित वित्त, तकनीकी प्रबंधों तथा सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इससे पहले रवि ठाकुर ने पट्टन घाटी के तांदी, सुमनम, मारबल, गाढंग, मालंग, लपशक, यंगरंग, ठोलंग, तोजिंग, रंगवे तथा लौट गांव का दौरा किया। दौर के दौरान जनजातीय सलाहकार समिति के सदस्य प्यारे लाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नोरबू पांस, जिला महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शशि किरण, प्रधान संघ के अध्यक्ष बीर सिंह, ब्लाक समिति सदस्य अनिल सहगल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts