
पतलीकूहल (कुल्लू)। सांसद प्रतिभा सिंह ने बुधवार शाम पतलीकूहल में सामुदायिक भवन और बैंची में मिडिल स्कूल के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। पतलीकूहल के अंबेदकर भवन में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि पनगां-शेगली सड़क के लिए प्रदेश सरकार ने 4.33 करोड़ रुपये का प्रावधान कर इसका कार्य आरंभ कर दिया गया है।
उन्हाने बताया कि पनगां-शांगशर सड़क के लिए भी 1.29 करोड़, नग्गर-रूमसू को दो करोड़ और फोजल-फ लाइन सड़क के लिए 1.70 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। बैंची-मंझलीहार सड़क के लिए भी 2.43 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इस अवसर पर प्रतिभा सिंह ने अपनी सांसद निधि से आदर्श महिला मंडल कटराईं, जागृति महिला मंडल और जमदग्नि सामुदायिक भवन के लिए एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने दुवाड़ा पंचायत में बनने वाले भवन और नेरी महिला मंडल को भी दो-दो लाख रुपये मंजूर करने की घोषणा की। इसके बाद प्रतिभा सिंह ने देर शाम मिडिल स्कूल बैंची में सर्व शिक्षा अभियान के तहत करीब 5.70 लाख रुपये की लागत से निर्मित भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत प्रदेश के स्कूलों में विद्यार्थियों को निशुल्क वर्दी और पुस्तकें भी वितरित की जा रही हैं। सांसद ने अपनी निधि से बैंची के सामुदायिक भवन के लिए दो लाख, सड़क की नालियों के लिए 1.46 लाख और कलवर्ट निर्माण के लिए दो लाख की धनराशि देने की घोषणा भी की। इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष हरि चंद शर्मा, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता भुवनेश्वर गौड़, मनाली विकास मंच अध्यक्ष धर्मवीर धामी, जिला परिषद सदस्य दिनेश सेन, नगर परिषद कुल्लू के उपाध्यक्ष मनु शर्मा, कांग्रेस नेता टीसी नेगी, स्थानीय पंचायत प्रधान और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
