सड़क हादसों में दो लोग गंभीर घायल

कुल्लू। तलोगी के समीप एक मारुति कार सड़क से नीचे जा लुढ़की। इस हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। कलाकेंद्र कुल्लू के पास भी दो वाहनों की टक्कर से एक व्यक्ति घायल हो गया है। पुलिस ने मामले दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय स्थित वामतट तलोगी के पास सड़क हादसा हुआ। कार चालक भुंतर से कुल्लू की तरफ आ रहा था कि वह तलोगी के पास वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे जा गिरी। इसमें चालक लगघाटी निवासी जितेंद्र पाल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और घायल को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने चालक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहीं, कलाकेंद्र कुल्लू के पास एक स्कूटी और सेंट्रो कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। इसमें स्कूटी चालक घायल हो गया है, जिसे क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में भर्ती किया गया है। पुलिस को दिए बयान में बैजनाथ निवासी अंकज धीमान ने कहा है कि जब वह भुंतर से कुल्लू आ रहा था तो उसी दौरान कलाकेंद्र के पास एक सेंट्रो कार तेज रफ्तार से आई और उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इसमें वह सड़क किनारे जा गिरा और घायल हो गया है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही और तेजरफ्तारी से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।

Related posts