
कुल्लू। शहर के कई क्षेत्रों में इन दिनों जल संकट गहरा गया है। लोगाें का आरोप है कि करीब तीन सप्ताह से उन्हें पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकने के लिए मजबूर हो गए हैं। जिला मुख्यालय स्थित लोअर ढालपुर और अखाड़ा बाजार सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में इन दिनों पानी की दिक्कत हो गई है। कुल्लू शहर के 11 वार्डों में 22 हजार की आबादी है। लोगों को हर रोज पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। शहरवासियों का कहना है कि कपड़े धोना तो दूर खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। शहरवासी एवं सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव मनोज, सुभाष, अभिषेक और विशन दास का कहना है कि 25 दिन से अखाड़ा बाजार और लोअर ढालपुर में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। उन्होंने बताया कि कुल्लू शहर की आबादी बढ़ती जा रही है। ऐसे में हर वर्ष नवंबर और दिसंबर में बारिश न होने से पानी की किल्लत हो जाती है। उन्होंने कहा कि पहले पानी की समस्या होने पर व्यास और सरवरी नदी का पानी प्रयोग में लाया जाता था, लेकिन अब दोनों ही नदियां गंदगी से भरी पड़ी हैं। इसके चलते शहरवासियों को और ज्यादा परेशानी हो गई है। लोगों ने पानी की आपूर्ति सुचारु बनाए रखने की व्यवस्था के लिए आईपीएच से मांग की है। शहरवासियों का यह भी कहना है कि दिक्कत आने पर अन्य स्रोतों से जल आपूर्ति की जाए। उधर, आईपीएच के एसडीओ विवेक हाजरी ने बताया कि विभाग के पास इस तरह की कोई शिकायत नहीं है। यदि ऐसा है तो तुरंत पानी की सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी।
