जरूरतमंदों को मुफ्त में देंगे स्वास्थ्य परामर्श

भुंतर/कुल्लू/मंडी । कुल्लू में विहिप के अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डा. प्रवीण भाई तोगड़िया का कहना है कि प्रत्येक हिंदू को खाना, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, धार्मिक सुरक्षा और रोजगार मिले, इसके लिए विहिप प्रयासरत है। जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के लिए विहिप शीघ्र निशुल्क परामर्श केंद्र खोलेगी। यह केंद्र दिल्ली और चंडीगढ़ में खोले जाएंगे। इनके माध्यम से जरूरतमंद लोगों को निजी अस्पताल के विशेषज्ञों से निशुल्क परामर्श दिलवाया जाएगा। दिल्ली में निशुल्क परामर्श केंद्र 5 जनवरी से शुरू किया जाएगा। इस केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सक जरूरतमंद लोगों को निशुल्क परामर्श देंगे। यदि उपचार निजी अस्पताल में करवाना हो तो विहिप 50 प्रतिशत खर्च उठाएगी। पालमपुर में विहिप कन्या छात्रावास खोलने जा रही है। उधर, जिला मंडी की भूतनाथ सराय में विहिप के अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डा. प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद का मकसद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करवाने के अलावा हिंदू धर्म की रक्षा करना है। कहा कि दुनिया में 110 करोड़ हिंदुओं के हितों की रक्षा का दायित्व विश्व हिंदू परिषद पर है। विहिप ने मंडी में 49वें अनाथालय की स्थापना की है।

..इनसेट
हिंदू हित की बात करने वाले दल को समर्थन
हिंदुओं के सामाजिक, शैक्षणिक और धार्मिक हितों की रक्षा के लिए सभी दलों पर दबाव बनाया जाएगा। जो दल अयोध्या में राम मंदिर, गौ हत्या बंदी कानून और हिंदुओं के हितों की रक्षा के लिए वचन देगा, लोकसभा चुनाव में उसी का समर्थन किया जाएगा। यह बात विहिप अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने भुंतर क्षेत्र के कलैहली में आयोजित कार्यक्रम में कही।

..इनसेट
पर्यटन स्थलों पर फोकस रहेगी हिंदू हेल्पलाइन
देशभर के लोगों को विश्व हिंदू परिषद से जोड़ने के लिए प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर फोकस किया जाएगा। हेल्पलाइन में संपर्क करने पर दो मिनट में विहिप का कार्यकर्ता मदद के लिए पहुंचेगा। यह सेवा देश भर में शुरू की गई है। हिमाचल प्रदेश में कुल्लू-मनाली, कांगड़ा, शिमला और ऊना समेत अन्य स्थानों पर खास फोकस किया गया है। 020-66803300/07588682181 नंबर पर हिंदू हेल्पलाइन सुविधा मौजूद है। विहिप सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को अपने साथ जोड़ेगी। इसके लिए फेस बुक, टविटर का प्रयोग किया जाएगा। हिंदू हेल्पलाइन के प्रदेश संयोजक महेंद्र ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में हेल्पलाइन के माध्यम से करीब 1300 लोगों की मदद की गई है। इसका केंद्र पुणे में है। हेल्पलाइन से हेल्थ, शासन और प्रशासन, कानून एवं न्याय और धार्मिक सभी प्रकार की मदद की जाती है।

Related posts