
हमीरपुर। जिला की एक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में अवकाश को लेकर एक अध्यापक और प्रधानाचार्य में विवाद हो गया। दोनों ने मामले की शिकायत उच्च शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर से की। विवाद न सुलझने पर मामले की जांच का जिम्मा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुजानपुर के प्रधानाचार्य प्रकाश ठाकुर को सौंपा गया है। मामले को लेकर प्रकाश ठाकुर ने सोमवार को करीब छह घंटे तक पूछताछ की।
सारा विवाद एक दिन के अवकाश को लेकर हुआ। स्कूल प्रधानाचार्य का आरोप है कि संबंधित अध्यापक की ड्यूटी चबूतरा स्कूल में अध्यापक प्रशिक्षण शिविर में थी। बाकायदा उसे आर्डर थमाए गए थे लेकिन अध्यापक ने प्रशिक्षण के दौरान एक दिन की छुट्टी की मांग की। प्रधानाचार्य के मना करने पर विवाद शुरू हो गया। अध्यापक ने आरोप लगाया कि हाजिरी रजिस्टर छीनने के कारण दो दिन उपस्थिति नहीं लगा सका। मामले को लेकर प्रकाश ठाकुर ने करीब छह घंटे तक संबंधित अध्यापक, प्रधानाचार्य और स्टाफ के बयान लिए। सभी अध्यापकों से प्रश्नावली के आधार पर पूछताछ की गई है। सभी के बयान कलमबद्ध किए गए हैं।
क्या कहते हैं उच्च शिक्षा उपनिदेशक
उच्च शिक्षा उपनिदेशक राजेंद्र वर्मा का कहना है कि मामले को लेकर विजीट किया था। मामले की गुत्थी न सुलझने पर सुजानपुर स्कूल के प्रधानाचार्य प्रकाश ठाकुर को आईओ नियुक्त किया गया है जो मामले की जांच कर रहे हैं। जो भी रिपोर्ट आएगी, उसे उच्चाधिकारियों को सबमिट कर दिया जाएगा।
