रड़ोपैंद में बिजली का खंभा बना आफत

रड़ोपैंद में बिजली का खंभा बना आफत
धर्मपुर (सोलन)। ग्राम पंचायत आंजी मातला के गांव रड़ोपैंद में काली माता मंदिर के समीप लगा बिजली का खंभा राहगीरों के लिए खतरा बन चुका है। खंभेे में थ्री फेस की तारें रास्ते के काफी नजदीक लगाई गई हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोग धर्मपुर बाजार के लिए आवाजाही करते हैं, जिसमें स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मंदिर में भी भक्तों का आना-जाना लगा रहता है।
स्थानीय निवासी पीतांबर, अरविंद, अशोक गुप्ता, दुनी चंद और कुलदीप कुमार ने बताया कि खंभे में लगाई गई तारें रास्ते के साथ लटक रही है। इस बारे में कई बार बिजली बोर्ड के अधिकारियों को भी सूचित किया जा चुका है। मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। खंभेे को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाना चाहिए। इस बारे में विद्युत उपमंडल धर्मपुर के सहायक अभियंता केडी शर्मा ने कहा कि खंभे को हटाने के लिए जगह का चयन किया जा रहा है। जल्द उसे अन्यत्र शिफ्ट कर दिया जाएगा।

Related posts