देवताओं के लिए लारजी-औट मार्ग बहाल

बंजार (कुल्लू)। आठ सालों बाद लारजी-औट पुराना सड़क मार्ग बहाल हो गया। शनिवार को विधायक और अधिकारियों के वाहनों का काफिला लारजी-औट सड़क मार्ग से गुजरा। इसका विधिवत श्रीगणेश विधायक कर्ण सिंह ने निरीक्षण के उपरांत प्रथम नवरात्र पर औट के पुराने पुल को पार करके किया। इससे पहले उन्होंने आकाश माता मंदिर के पास नारियल फोड़ा।
विधायक कर्ण सिंह ने कहा कि फिलहाल यह सड़क मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निर्देशों पर दशहरा उत्सव को लेकर आनी और बंजार विधासभा क्षेत्र को जाने वाले 150 देवी देवताओं के लिए खोली है। बाद में इस सड़क को बड़े वाहनों के लिए विकसित किया जाएगा। देवी-देवता कारदार संघ के बंजार खंड के प्रधान सत्यदेव नेगी, निरमंड के प्रधान लीला दत्त, आनी के इंद्र सिंह और सैंज के प्रधान भीमे राम सहित तीन ब्लॉकों बंजार, आनी और निरमंड के देव समाज से जुडे़ तमाम लोगाें ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और बंजार के विधायक कर्ण सिंह का आभार व्यक्त किया है। यह जानकारी विधायक कर्ण सिंह के पीआरओ टीसी महंत ने दी।
इस मौके पर बीसीसी बंजार के अध्यक्ष जय बिहारी लाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष किशन ठाकुर, महासचिव मोती राम पालसरा, युकां अध्यक्ष तेजा सिंह, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता विनोद आनंद, सहायक अभियंता रवि सोनी, कनिष्ठ अभियंता नरेश कुमार गोयल, एपीएमसी के निदेशक आदित्य विक्रम, शिवानी सिंह और मंडी युकां के महासचिव महेश शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related posts