
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कुल्लू दौरे के दौरान लोगों को कई सौगातें देकर जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव का शुभारंभ राज्यपाल उर्मिला सिंह करेंगी। दशहरा उत्सव के समापन में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भुंतर में तहसील कार्यालय का शुभारंभ कर तहसील कार्यालय के नए भवन का शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा कुल्लू शहर में ट्रैफिक को कम करने के लिए बनाए गए भुतनाथ पुल का उद्घाटन करना भी उनके कार्यक्रम में शामिल रहेगा।
पुल के लोकार्पण के बाद लंबी दूरी की बसें सीधे बस स्टैंड आकर बाहर से निकली जाएंगी। इससे लोगों को जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा। मुख्यमंत्री प्रदेश पावर कारपोरेशन के शाढ़ाबाई के ट्रेनिंग सेंटर का शुभारंभ करेंगे। कुल्लू में ई गवर्नेंस सेंटर और हरिपुर कालेज के भवन का उद्घाटन करना भी उनके कार्यक्रम में शामिल है। डीसी राकेश कंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री 19 अक्तूबर को कुल्लू आएंगे। इस कारण वे कुछ उद्घाटन 19 को ही करेंगे और कुछ 20 अक्तूबर को।
दशहरा उत्सव में 14 अक्तूबर को प्रथम सांस्कृतिक संध्या में राज्यपाल उर्मिला सिंह मुख्यातिथि होंगी। 15 अक्तूबर को दूसरी सांस्कृतिक संध्या में सांसद प्रतिभा सिंह, 16 अक्तूबर को तीसरी सांस्कृतिक संध्या में वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, 17 को चौथी संध्या में आबाकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी और 18 अक्तूबर को पांचवीं संध्या में स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह मुख्यातिथि होंगे। 19 अक्तूबर को छठीं सांस्कृतिक संध्या में वीरभद्र सिंह मुख्यातिथि रहेंगे। 20 अक्तूबर को कुल्लवी नाइट होगी।
